logo

रांची : झारखंड BJP ने सभी सांगठनिक जिलों में बूथ स्तर पर मनाई पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

a1231.jpg

रांची: 


झारखंड बीजेपी ने प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों में बूथ स्तर पर पार्टी के प्रेरणा पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई और उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। इसी बीच महीने के अंतिम रविवार पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को पार्टी के पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों एवम कार्यकर्ताओं ने सुना। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने दीनदयाल नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महामानव थे। जिन्होंने साम्यवाद, पूंजीवाद और समाजवाद के बीच एक व्यावहारिक चिंतन दिया जो एकात्म मानववाद है।

 

एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया था!
उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद में सम्पूर्ण मानवता का कल्याण समाहित है। इसमें केवल मनुष्य के भौतिक विकास की चिंता नहीं बल्कि मन,बुद्धि और आत्मा के साथ सम्पूर्ण विकास की सोच है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया की बाकी विचारधाराएं अनुपयोगी साबित हो रही और दुनिया एकात्म मानव दर्शन में सभी समस्याओं का समाधान ढूंढ रही। 

पं. दीनदयाल का विचार साकार कर रही पार्टी!
बीजेपी विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ने धनवार में बूथ पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों और चिंतन को धरातल पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होती है।

योजनाओं में परिलक्षित हैं दीनदयाल जी के विचार!
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चाहे जनधन खाता हो, आवास योजना हो, शौचालय निर्माण हो, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना हो, किसान सम्मान निधि हो, अटल पेंशन योजना हो सभी में दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का चिंतन है। कहा कि भारत विश्वगुरू परिवारवाद, वंशवाद के पथ पर चलकर नही बन सकता बल्कि गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित सभी को साथ लेकर आगे बढ़ाने से ही बन सकता।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा इस उद्देश्य के लिए संकल्पित है।

कर्मवीर सिंह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय को किया याद
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने खूंटी के तोरपा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत की हजारों साल पुरानी मजबूत सांस्कृतिक विरासत है। जिसे हजार साल की गुलामी में आक्रांताओं के द्वारा आहत करने की कोशिश हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में स्वतंत्र भारत के विकास की कल्पना अपनी पहचान,संस्कृति और विरासत की नीव पर करने की थी। कहा  कि कोई भी राष्ट्र अपनी पहचान को दबाकर आगे नहीं बढ़ सकता। कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सांस्कृतिक गौरव फिर से महिमा मंडित हो रहा।दीनदयाल जी के सपने आज साकार हो रहे।

अलग-अलग बूथों पर नेताओं ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सांसद आदित्य साहू ओरमांझी में, डॉ प्रदीप वर्मा टाटीसिलवे में ,बालमुकुंद सहाय तोरपा में ,प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू हरमू में ,विधायक सीपी सिंह, सांसद संजय सेठनवीन जायसवाल, समरी लाल,महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता सहित सभी पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवम हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने अपने बूथ पर दीनदयाल जी की जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।